
♦️ सुधा के मखाना खीर और रबड़ी उत्पाद लॉन्च, राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार से तीन पशुपालक सम्मानित
पटना। राजधानी पटना के बापू सभागार में 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 एवं राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से आयोजित इस समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री नंद किशोर राम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई।
2030 से पहले एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि गोधन बिहार की समृद्धि और विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि बिहार में प्रतिदिन 48 लाख लीटर दूध उत्पादन की उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। राज्य सरकार ने वर्ष 2030 से पहले प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए अच्छी नस्ल के दुधारू पशुओं की खरीद में पशुपालकों को सहयोग देने और डेयरी प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला रोजगार योजना और पशु सखी जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने में सहायक होंगी। उन्होंने समस्तीपुर जिले के दुग्ध उत्पादकों के योगदान की भी सराहना की।

दुग्ध उत्पादन में भारत विश्व में प्रथम : केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय दुग्ध दिवस श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के योगदान को याद करने और डेयरी क्षेत्र को आगे बढ़ाने का अवसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को विशेष महत्व दिया गया है। आज भारत दुग्ध उत्पादन में विश्व में प्रथम तथा मत्स्य उत्पादन में दूसरे स्थान पर है।
उन्होंने बताया कि बिहार में दुग्ध उत्पादन 7.19 मिलियन मीट्रिक टन से बढ़कर 13.76 मिलियन मीट्रिक टन हो गया है। देश में लगभग 63 प्रतिशत दूध असंगठित क्षेत्र से आता है। इसे संगठित क्षेत्र से जोड़ने के लिए दुग्ध सहकारी समितियों, किसान उत्पादक संगठनों और दुग्ध उत्पादक संगठनों का विस्तार किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, देशभर में 47 हजार से अधिक नई दुग्ध सहकारी समितियों के गठन की दिशा में काम हो रहा है। बिहार में 14,056 नई दुग्ध समितियों का गठन किया गया है, जबकि लगभग सात हजार पुरानी समितियों को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने सुधा ब्रांड की राष्ट्रीय पहचान की सराहना करते हुए पशुओं की नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान और सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया।
सुधा के मखाना खीर और रबड़ी बाजार में उतारे गए
समारोह में सुधा ब्रांड के अंतर्गत मखाना खीर और रबड़ी जैसे नए उत्पादों का शुभारंभ किया गया। साथ ही सुधा ब्रांड के बिक्री केंद्रों के लिए चाबियों का वितरण भी किया गया। इन पहलों का उद्देश्य मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देना और उनके बाजार का विस्तार करना है।
तीन पशुपालकों को राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार
समारोह में राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान किए गए। सम्मानित होने वालों में उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के सागर सिंह रावत, गुजरात के पोरबंदर के राजसिंहभाई ओडेदरा और केरल के कोट्टायम के मुरलीधरन नायर शामिल रहे।
ये पुरस्कार स्वदेशी गाय एवं भैंस की नस्लों के संरक्षण, संवर्धन, डेयरी विकास और पशुधन उत्पादकता बढ़ाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिए गए। पूर्वोत्तर क्षेत्र एवं हिमालयी राज्यों के विजेताओं को भी विशेष पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
डेयरी परियोजनाओं का लोकार्पण और नई योजनाओं की शुरुआत
समारोह में राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत दुग्ध सहकारी समितियों के लिए डेटा प्रोसेसिंग एवं मिल्क कलेक्शन यूनिट वितरित की गईं। पटना स्थित वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर स्थित तिमुल में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर स्थित मिथिला मिल्क यूनियन में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट राष्ट्र को समर्पित किए गए।

बिहटा के सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया की प्रतिदिन दो लाख लीटर क्षमता वाली दुग्ध प्रसंस्करण इकाई का भी लोकार्पण किया गया। इसके अलावा डेयरी सहकारी समितियों एवं दुग्ध उत्पादक संगठनों की रेटिंग और ग्रेडिंग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तथा ऑनलाइन आवेदन पोर्टल शुरू किया गया।
इस अवसर पर पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूल रोडमैप का शुभारंभ और बेसिक एनिमल हसबेंड्री स्टैटिस्टिक्स (बीएएचएस) 2026 का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रगतिशील दुग्ध उत्पादकों के साथ संवाद कर उनके अनुभवों एवं नवाचारों पर चर्चा हुई।
समारोह में बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, भारत सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार तथा कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक सहित देशभर से आए पशुपालक, दुग्ध सहकारी समितियों के प्रतिनिधि और डेयरी क्षेत्र से जुड़े हितधारक उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय दुग्ध दिवस प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर मनाया जाता है। उनके प्रयासों ने भारत को विश्व के अग्रणी दुग्ध उत्पादक देश के रूप में स्थापित करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।





