
सासाराम (रोहतास)। संत शिवानंद अकादमी प्लस टू विद्यालय, सासाराम में शुक्रवार को साइबर क्राइम एवं साइबर फ्रॉड विषय पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन शिक्षक अवनीश कुमार ने किया।
गोष्ठी में रोहतास जिले की स्पेशल क्राइम डीएसपी चित्रा कुमारी, सब इंस्पेक्टर पूजा कुमारी, भावना राय, पवन कुमार एवं नंदलाल कुमार ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए किसी भी ऐप, लिंक या फाइल को बिना जांच-पड़ताल के डाउनलोड या ओपन नहीं करना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के बारे में भी विस्तार से बताया। इनमें नकली प्रोफाइल बनाकर ठगी, फर्जी निवेश एवं क्रिप्टो योजनाएं, लॉटरी अथवा इनाम का झांसा, रोमांस स्कैम तथा फिशिंग लिंक के माध्यम से निजी एवं वित्तीय जानकारी हासिल करना शामिल है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर पहले दोस्ती करते हैं, फिर विश्वास जीतकर आपात स्थिति का हवाला देते हुए पैसों की मांग करते हैं।
विद्यार्थियों को महंगे गिफ्ट, लॉटरी या फ्री वाउचर जीतने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन अथवा अन्य प्रक्रिया के नाम पर व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल करने वाले साइबर अपराधों से भी सावधान किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
गोष्ठी के दौरान 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से जुड़े अपराधों तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में पॉक्सो एक्ट की भी जानकारी दी गई। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया पर धमकी, फर्जी गिरफ्तारी का भय दिखाने अथवा गलत सूचना के माध्यम से परेशान किए जाने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।
पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि साइबर फ्रॉड की घटना होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए तथा निकटतम पुलिस थाने को भी घटना की जानकारी देनी चाहिए। कार्यक्रम में ऑपरेशन विधि पालक/युवाओं से संबंधित जागरूकता की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह के अलावा सत्येंद्र प्रसाद साह, अरविंद कुमार, प्रभात कुमार, जाह्नवी कुमारी, आरती कुमारी, कुंदन कुमार, दीप रानी, सचिन कुमार, अवनीश कुमार, विनोद कुमार पासवान, रूबी कुमारी, पायल कुमारी, अमित कुमार सिंह, अमित कुमार पटेल, श्वेता रानी, राहुल श्रीवास्तव, विकास कुमार सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
- रिपोर्ट, तस्वीर: टिपू सुलतान





