नई दिल्ली। स्कूली शिक्षा को अधिक आधुनिक, व्यावहारिक और कौशल आधारित बनाने की दिशा में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) दसवीं कक्षा की पाठ्यपुस्तकों में व्यापक बदलाव करने की तैयारी कर रही है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 से विद्यार्थियों को संशोधित पाठ्यपुस्तकों से पढ़ाई करनी होगी। नई पुस्तकों में पुरानी और अप्रासंगिक हो चुकी विषयवस्तु को हटाकर वर्तमान जरूरतों और भविष्य की चुनौतियों से जुड़ी नई सामग्री शामिल की जाएगी।
एनसीईआरटी की योजना के अनुसार, संशोधित पाठ्यपुस्तकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए विषयवार समयसीमा भी तय की गई है। भाषा विषयों की नई पुस्तकें नवंबर 2026 के अंत तक तैयार करने की योजना है। वहीं, शारीरिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा और कला शिक्षा की पाठ्यपुस्तकों को दिसंबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई पाठ्यचर्या में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए विषयों का दायरा पहले की तुलना में व्यापक किया जा रहा है। इसमें तीन भाषाओं के साथ गणित एवं कम्प्यूटेशनल थिंकिंग, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा एवं कल्याण, कला शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा को शामिल किया गया है। इसके अलावा एक अंतर-विषयक विषय भी जोड़ा जाएगा, जिससे विद्यार्थी अलग-अलग विषयों के बीच संबंध समझ सकेंगे और किसी समस्या का विभिन्न दृष्टिकोणों से विश्लेषण करना सीखेंगे।
नई पाठ्यचर्या की प्रमुख विशेषताओं में तीन भाषाओं का अध्ययन भी शामिल है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की भाषाई दक्षता और अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करना है। हालांकि, इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों, उपयुक्त पाठ्य सामग्री और शैक्षणिक सुविधाओं की उपलब्धता भी जरूरी होगी।
गणित के साथ कम्प्यूटेशनल थिंकिंग को शामिल करने का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। वहीं, व्यावसायिक शिक्षा, कला शिक्षा और शारीरिक शिक्षा को पाठ्यक्रम में महत्व देने से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक और कौशल आधारित शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
नई पाठ्यचर्या के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों को भी तैयार किया जाएगा। इसके तहत ‘रीइमेजिंड निष्ठा’ कार्यक्रम के माध्यम से 60 हजार केआरपी (की रिसोर्स पर्सन) को प्रशिक्षित करने की योजना है। प्रशिक्षण के जरिए शिक्षकों को नई पाठ्यचर्या, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और मूल्यांकन की बदलती जरूरतों से परिचित कराया जाएगा। प्रशिक्षित संसाधन व्यक्ति आगे अन्य शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। तकनीकी विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल अर्थव्यवस्था के बढ़ते प्रभाव के बीच स्कूली स्तर से ही व्यावहारिक ज्ञान और कौशल आधारित शिक्षा देना आवश्यक हो गया है।
एनसीईआरटी की यह पहल दसवीं कक्षा की शिक्षा को अधिक आधुनिक, बहुआयामी और जीवनोपयोगी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, नई पाठ्यपुस्तकों के साथ विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता, शिक्षकों का समुचित प्रशिक्षण और विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा। बिहार सहित देश के सभी राज्यों के ग्रामीण और शहरी विद्यालयों में इस बदलाव को समान रूप से लागू करना एक बड़ी चुनौती होगी।
शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू होने वाली नई पाठ्यपुस्तकों से उम्मीद है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई केवल परीक्षा और अंकों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनमें ज्ञान, कौशल, तार्किक क्षमता और व्यावहारिक समझ का भी विकास होगा।




