
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को डेहरी में मिठाई दुकानों और खाद्य निर्माण प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की। जक्की बिगहा मोहल्ला स्थित रोहित इंटरप्राइजेज के दो प्रतिष्ठानों से 10,080 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5.75 लाख रुपये बताई गई है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर संदेह होने पर विभागीय अधिकारियों ने नमूने संग्रहित कर जांच के लिए पटना स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं।
जिला प्रशासन की ओर से डीपीआरओ द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की। जांच अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में बड़ी मात्रा में सोनपापड़ी बरामद हुई। इन पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और अन्य आवश्यक जानकारियां अंकित नहीं थीं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्धारित मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने पूरी खेप जब्त कर ली। जब्त सोनपापड़ी का नमूना लेकर गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
वहीं, रोहित इंटरप्राइजेज के दूसरे खाद्य प्रतिष्ठान की जांच के दौरान वहां उपलब्ध घी की गुणवत्ता को लेकर भी मिलावट की आशंका जताई गई। अधिकारियों ने घी का नमूना संग्रहित कर उसे भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, सोनपापड़ी और घी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसके निष्कर्षों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले सासाराम शहर में मधुपर्क, मां स्वीट्स और गुप्ता जी स्वीट्स समेत कई दुकानों की जांच के दौरान बिना निर्माण एवं समाप्ति तिथि अंकित नमकीन बरामद की गई थी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने संबंधित सामग्री जब्त कर नष्ट कराई थी।





