मुसहर जाति की बुनियादी समस्याओं के समाधान का मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुसहर जाति की बुनियादी समस्याओं के निराकरण के लिए राज्य स्तर पर आवश्यक निर्देश जारी करने का भरोसा दिया है। ‘माता शबरी संघर्ष समिति’ की ओर से आरा में आयोजित महाधरना से संबंधित नौ सूत्री मांग-पत्र पद्मश्री डॉ. भीम सिंह भवेश के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

मुख्यमंत्री ने मांगों पर विचार करते हुए संबंधित विभागों को निर्देश जारी करने तथा सभी जिलों तक आवश्यक दिशा-निर्देश पहुंचाने का आश्वासन दिया।

मुसहर जाति अनुसूचित जाति के अंतर्गत आने वाला एक ऐसा समुदाय है, जो आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। मांग-पत्र में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, बिहार में मुसहर समुदाय की आबादी 42 लाख से अधिक है, लेकिन इनमें मात्र 98 हजार लोग मैट्रिक पास हैं। समुदाय के 98 प्रतिशत परिवारों के पास शौचालय और रसोई गैस की सुविधा नहीं है। राज्य की आबादी में तीन प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी के बावजूद सरकारी निम्नवर्गीय सेवाओं में इस समुदाय की भागीदारी मात्र 0.75 प्रतिशत बताई गई है।

मांग-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 80 प्रतिशत से अधिक परिवारों के आवास जर्जर एवं अपूर्ण हैं तथा 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 80 प्रतिशत से अधिक बच्चे स्कूल छोड़ने की समस्या से प्रभावित हैं।

नौ सूत्री मांगों में शिक्षा, आवास और रोजगार पर जोर

माता शबरी संघर्ष समिति की प्रमुख मांगों में मुसहर जाति को विशेष श्रेणी का दर्जा देना तथा समुदाय की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति का आकलन करने के लिए ‘मुसहर जाति आयोग’ का गठन करना शामिल है।

इसके अलावा मुसहर समुदाय की शिक्षा और रोजगार के लिए विशेष अभियान चलाने, जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए विशेष निर्देश जारी करने तथा आधार, राशन, आयुष्मान और लेबर कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

समिति ने सभी मुसहर बस्तियों में पेयजल, शौचालय, सामुदायिक भवन और पहुंच पथ की व्यवस्था करने, आवासविहीन परिवारों को आवासीय भूमि या अपार्टमेंट निर्माण के माध्यम से आवास उपलब्ध कराने तथा जर्जर और अपूर्ण आवासों का जीर्णोद्धार एवं निर्माण पूरा कराने की मांग भी रखी।

इसके साथ ही मुसहर समुदाय के सभी परिवारों को उज्ज्वला योजना से जोड़ने तथा राज्य और केंद्र सरकार की चतुर्थ श्रेणी की सेवाओं में मुसहर युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की गई।

मुख्यमंत्री को भेंट कीं दो पुस्तकें

इस अवसर पर डॉ. भीम सिंह भवेश ने मुख्यमंत्री को अपनी दो पुस्तकें ‘सान्निध्य का संस्मरण’ और ‘हाशिए पर हसरत’ भेंट कीं।

शिष्टमंडल में माता शबरी संघर्ष समिति के धरमु राम, लाल बिहारी राम, भरत कुमार, जय किशुन राम और विकास कुमार शामिल थे।

Share
  • Related Posts

    डेहरी के कलाकार आदित्य प्रकाश ने पूर्व एयर वाइस मार्शल को भेंट की अपनी कलाकृति

    डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास ) । हरियाणा स्थित सैनिक स्कूल रेवाड़ी के 18वें वार्षिकोत्सव समारोह में बिहार के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन निवासी कलाकार आदित्य प्रकाश ने अपनी कलात्मक प्रतिभा…

    Share

    छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

    डेहरी ऑन-सोन (रोहतास)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक ने डेहरी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय…

    Share

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    You Missed

    डेहरी के कलाकार आदित्य प्रकाश ने पूर्व एयर वाइस मार्शल को भेंट की अपनी कलाकृति

    डेहरी के कलाकार आदित्य प्रकाश ने पूर्व एयर वाइस मार्शल को भेंट की अपनी कलाकृति

    मुसहर जाति की बुनियादी समस्याओं के समाधान का मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा

    मुसहर जाति की बुनियादी समस्याओं के समाधान का मुख्यमंत्री ने दिया भरोसा

    छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

    छठ घाटों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

    समस्तीपुर में इंडियन रनर बत्तख पालन से बढ़ रहे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

    समस्तीपुर में इंडियन रनर बत्तख पालन से बढ़ रहे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

    ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत 102 किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी

    ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत 102 किसानों को दी गई वैज्ञानिक खेती की जानकारी

    वन नेशन, वन इलेक्शन पर भाषण प्रतियोगिता में गौरी कुमारी प्रथम

    वन नेशन, वन इलेक्शन पर भाषण प्रतियोगिता में गौरी कुमारी प्रथम