
डेहरी -ऑन-सोन (रोहतास)। शिवसागर थाना पुलिस ने हाईवे पर लूटपाट की साजिश रच रहे एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए नकली दारोगा और फर्जी पुलिस कमांडो समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और पुलिस से संबंधित फर्जी सामान भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की रात पखनारी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक कार में सवार कुछ लोग पुलिस का रौब दिखाकर लूट की योजना बना रहे थे। सूचना मिलने के बाद विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान एक आरोपी बिहार पुलिस के दारोगा की डबल स्टार वाली वर्दी पहने मिला। उसकी नेम प्लेट पर ‘रजनीश सिंह’ लिखा था। वहीं, दूसरा आरोपी कमांडो की वर्दी में था, जबकि तीन अन्य सादे कपड़ों में थे। पुलिस की जांच और पूछताछ में इनके फर्जी पुलिसकर्मी होने का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण सिंह, दिवाकर कुमार सिंह उर्फ दिवाकर मौर्या, विरेन्द्र कुमार, इशरार आलम और रजनीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दिवाकर कुमार सिंह के खिलाफ पटना के शास्त्री नगर थाने में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित आपराधिक मामलों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।





