
डेहरी-ऑन-सोन ( रोहतास)। विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण-2027 को लेकर निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, दावा-आपत्ति और बूथ लेवल एजेंटों की भूमिका पर चर्चा की गई।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर फोटो निर्वाचक सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।
उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अवधि 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जहां आवश्यकता हो, वहां बीएलए की नियुक्ति कर उनकी सूची निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। साथ ही, प्रारूप मतदाता सूची का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करने और पात्र मतदाताओं के नाम छूटने अथवा अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल होने की स्थिति में निर्धारित प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-7 के माध्यम से दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अपील की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराने में भी राजनीतिक दलों से सहयोग मांगा। इस क्रम में 5 एवं 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस पर बीएलए की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई।
25 नवंबर तक नाम जोड़ने के 1616 आवेदन प्राप्त
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 25 नवंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 के 1616 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, नाम हटाने के लिए प्रपत्र-7 के 180 तथा मतदाता सूची में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 के 526 आवेदन मिले हैं। इस प्रकार अब तक कुल 2322 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

बीएलए के आवेदन जमा करने की प्रक्रिया बताई
बैठक में बूथ लेवल एजेंटों द्वारा आवेदन-पत्र जमा करने के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए गए। बताया गया कि एक बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन-पत्र बीएलओ को जमा कर सकता है। दावा एवं आपत्ति की पूरी अवधि में 30 से अधिक आवेदन जमा किए जाने की स्थिति में संबंधित आवेदनों का निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) द्वारा पुनः सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए बीएलए को आवेदन-पत्रों के सत्यापन से संबंधित घोषणा-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, प्रपत्र-7 से नाम विलोपित कराने तथा प्रपत्र-8 के जरिए नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन, पता परिवर्तन और मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) प्रतिस्थापन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। आम नागरिक बीएलओ के माध्यम से अथवा वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक निबंधन नियमावली, 1960 के नियम-16 के तहत प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियां संबंधित कार्यालयों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित की गई हैं। इनकी एक-एक प्रति राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई गई है। साथ ही, सूचियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है, ताकि आम नागरिक उनका अवलोकन कर सकें। विधानसभा क्षेत्रवार मासिक मतदाता सूची के आंकड़े एवं दावा-आपत्तियों से संबंधित सूचनाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान से संबंधित शिकायतों के लिए राज्य स्तर पर टोल फ्री नंबर 18003451950 तथा जिला स्तर पर 1950 मतदाता सहायता केंद्र की सुविधा उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई।
बैठक में अवर निर्वाचन पदाधिकारी, डेहरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, डेहरी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें जितेंद्र कुमार (वीआईपी पार्टी), धनंजय सिंह (राजद), सत्येंद्र कुशवाहा (नगर अध्यक्ष, जदयू), गोपाल कृष्ण राय (आम आदमी पार्टी), संजीव कुमार (भारतीय जनता पार्टी) एवं दीपक शर्मा (जनता दल यूनाइटेड) शामिल थे।




