
डेहरी-ऑन-सोन ( रोहतास)। नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच), जमुहार की मेजबानी में आयोजित चार दिवसीय वार्षिक समारोह ‘मेटामोरफोसिस 4.0’ का भव्य उद्घाटन गुरुवार को संपन्न हुआ। 26 से 29 नवंबर तक चलने वाले इस समारोह में राज्य के लगभग एक दर्जन चिकित्सा महाविद्यालयों के करीब 300 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, प्रतिकुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, कुलपति प्रो. (डॉ.) जगदीश सिंह, प्रबंध निदेशक एवं औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, चिकित्सा निदेशक डॉ. आकांक्षा सिंह, नारायण मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शंकर सिंह, कुलसचिव डॉ. कुमार आलोक प्रताप, परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह तथा छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के हाथों में मशाल देकर खेल भावना, उत्साह और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। वहीं, ऊंचाइयों को छूने की आकांक्षा के प्रतीक स्वरूप रंग-बिरंगे गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए। वक्ताओं ने समारोह के उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों और मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों को प्रोत्साहित किया।
चार दिवसीय आयोजन के दौरान इनडोर, आउटडोर और एथलेटिक्स से जुड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रत्येक दिन शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। आयोजन के मेटाहेड सुनील कुमार एवं रोशनी उज्जैन तथा मेटा सचिव गोविंद माधव एवं शकीला सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को बैंड नाइट में ‘द मिराज’ की प्रस्तुति होगी।

उन्होंने बताया कि 27 नवंबर की स्टार नाइट में बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक जावेद अली अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। 28 नवंबर को डीजे नाइट और 29 नवंबर को समापन समारोह के अवसर पर सूफी नाइट का आयोजन होगा, जिसमें आरशी अपनी प्रस्तुति देंगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के विभिन्न विभागों के अध्यक्षों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका है।




