
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के निर्देशों के आलोक में नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच), जमुहार में गुड क्लिनिकल प्रैक्टिस एवं रिसर्च मेथडोलॉजी पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को शुरू हुआ। 26 एवं 27 नवंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे 118 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के समन्वयक एवं सामान्य चिकित्सा विभाग के प्राध्यापक डॉ. अभिषेक कमेन्दु ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को क्लिनिकल प्रैक्टिस और अनुसंधान पद्धति से संबंधित व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता के रूप में रिम्स, रांची के शरीर क्रिया विज्ञान विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. राजेंद्र कुमार, लैब मेडिसिन विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. अमित कुमार तथा जेनेटिक्स एवं जीनोमिक्स विभाग के सह प्राध्यापक डॉ. गणेश चौहान विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। विशेषज्ञों के माध्यम से विद्यार्थियों को नैदानिक अभ्यास, चिकित्सा अनुसंधान और उससे जुड़ी वैज्ञानिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन विशेषज्ञ वक्ताओं के साथ एनएमसीएच के चिकित्सा अधीक्षक सह प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनोद शंकर सिंह, समन्वयक डॉ. अभिषेक कमेन्दु एवं वरिष्ठ शिक्षक डॉ. विकास कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
आयोजन को सफल बनाने में सहायक कुलसचिव अजय कुमार सिंह तथा प्राचार्य कार्यालय के राकेश कुमार, रविंद्र कुमार एवं प्रदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 27 नवंबर को होगा। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।





