
आरा (भोजपुर)। खेती की लागत कम करने और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उद्देश्य से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना की ओर से भोजपुर जिले में किसान जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत गुरुवार को संदेश प्रखंड के बिछिआंव एवं सुरंगापुर गांवों में ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दोनों गांवों के कुल 83 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में किसानों को टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने जैविक खाद और गोबर खाद के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बताया कि इनके इस्तेमाल से मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता में सुधार किया जा सकता है। साथ ही, रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने की आवश्यकता बताई गई।
इस दौरान वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विवेकानंद भारती ने किसानों को अजोला उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीक और इसके विभिन्न उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अजोला का उपयोग जैविक खाद के साथ-साथ पशुपालन एवं मत्स्य पालन में पौष्टिक आहार के रूप में भी किया जा सकता है। इससे किसान खेती के अलावा पशुपालन और मत्स्य पालन के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
प्रधान वैज्ञानिक डॉ. पंकज कुमार ने फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान, रोकथाम एवं प्रभावी प्रबंधन के उपाय बताए। वहीं, विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. सच्चिदानंद सिंह ने प्राकृतिक खेती की अवधारणा, उसकी विभिन्न तकनीकों और कृषि में उपलब्ध जैविक संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में संदेश प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से किसानों को अवगत कराया। उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर एवं वैज्ञानिक उपयोग को अपनाने के लिए किसानों को प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करने तथा जैविक खाद एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपनाने में विशेष रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी ए.एस. महापात्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आहपुरा पंचायत के मुखिया ने भी आयोजन में सराहनीय सहयोग किया। अभियान के माध्यम से किसानों को कम लागत वाली, पर्यावरण-अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाकर मिट्टी की सेहत सुधारने और खेती को अधिक लाभप्रद बनाने का संदेश दिया गया।




