- 15 और 16 नवंबर को लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, डेहरी में रूट डायवर्जन तो सासाराम में घाटों के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था
डेहरी-ऑन-सोन/सासाराम (रोहतास)। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए डेहरी और सासाराम में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों तक सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। एसपी राज ने इसकी जानकारी देते हुए आमलोगों और श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों एवं पार्किंग स्थलों का पालन करने की अपील की है।
डेहरी में पाली रोड और थाना चौक की ओर वाहनों पर रोक
डेहरी नगर थाना क्षेत्र में पाली रोड की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार के वाहन से इस मार्ग में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन पश्चिम मोहन बिगहा, इस्लामगंज, अंबेडकर चौक, रामारानी मोड़ और तारबंगला मोड़ होते हुए आईटीआई एनीकट स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंच सकेंगे।
इसी तरह अंबेडकर चौक से डेहरी बाजार की ओर आने वाले वाहनों को थाना मोड़ होते हुए छठ घाट जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें अंबेडकर चौक से रामारानी मोड़ और तारबंगला मोड़ होते हुए एनीकट पार्किंग स्थल तक जाना होगा। वहीं, तारबंगला मोड़ से थाना चौक की ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
सासाराम में छह स्थानों पर ड्रॉप गेट
सासाराम शहर में यातायात नियंत्रण के लिए छह स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। इनमें मुरादाबाद नहर के उत्तर सामुदायिक भवन के पास, बाजार समिति गेट, पोस्ट ऑफिस चौक, मालगंज नहर पुल से उत्तर अराध्या प्लाइ बोर्ड के सामने, दुर्गा कुंड जाने वाले रास्ते के सामने मुख्य सड़क तथा महिला बटालियन मोड़ शामिल हैं। इन सभी स्थानों से चारपहिया, तीनपहिया और दोपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
छठ घाटों के अनुसार निर्धारित किए गए पार्किंग स्थल
बेदा तालाब छठ घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बेदा बस स्टैंड और आईटीआई कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। मुरादाबाद नहर घाट जाने वाले करगहर मोड़ की ओर से आने वाले वाहन बाजार समिति में तथा बाराडीह की ओर से आने वाले वाहन सामुदायिक भवन के पास पार्क होंगे।
लालगंज नहर घाट जाने वाले पोस्ट ऑफिस चौक की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग सब्जी मंडी में होगी, जबकि मोकर की ओर से आने वाले वाहन अराध्या प्लाइ बोर्ड के सामने खाली जमीन पर खड़े होंगे। दुर्गा कुंड जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए फजलगंज स्टेडियम में पार्किंग निर्धारित की गई है।





