
सासाराम। भारत सरकार के युवा एवं संस्कृति विभाग के निर्देशन में देशभर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के तहत गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के मंगल सभागार में बुधवार को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें लगभग तीन दर्जन विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में शंकर कॉलेज, सासाराम की गौरी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं पूर्व सांसद गोपाल नारायण सिंह, रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, अपर समाहर्ता ललित भूषण रंजन तथा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. कुमार आलोक प्रताप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की पूरी जिम्मेदारी युवाओं पर है। इसलिए युवाओं के लिए देश की दशा और दिशा को जानना तथा समझना अत्यंत आवश्यक है।
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए रोहतास जिला युवा पदाधिकारी कोमल निगम को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में देश के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है। जब युवा जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के भाषण सुनने के बाद पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया। शंकर कॉलेज, सासाराम की गौरी कुमारी ने प्रथम, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के प्रीतम कुमार ने द्वितीय तथा आरजू रानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
निर्णायक मंडल में विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह, शेरशाह महाविद्यालय, सासाराम के प्राचार्य डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, अवधूत भगवान राम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह, महिला महाविद्यालय, सासाराम के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार राय तथा एमराल्ड स्कूल, सासाराम की प्राचार्या डॉ. रंजीता तिवारी शामिल थीं।
कार्यक्रम का संचालन नीतीश कुमार मिश्र ने किया।



