सासाराम (रोहतास)। उर्दू नाम पत्रिका वर्ष 2026-27 के प्रकाशन की तैयारी शुरू हो गई है। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के उर्दू निदेशालय, पटना के निर्देश पर जिला उर्दू भाषा कोषांग ने जिले के लेखकों, शायरों, इतिहासकारों, कहानीकारों, पत्रकारों, कलाकारों और उर्दू प्रेमियों से रचनाएं आमंत्रित की हैं।
समाहरणालय स्थित जिला उर्दू भाषा कोषांग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, रोहतास जिले के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक, सामाजिक और आर्थिक पहलुओं पर आधारित लेख, शोधपरक रचनाएं, कविताएं तथा अन्य साहित्यिक सामग्री उर्दू भाषा में आमंत्रित की गई हैं।
चयनित रचनाओं को पत्रिका में मिलेगा स्थान
इच्छुक रचनाकारों से अपील की गई है कि वे अपनी रचनाएं उर्दू में टाइप कराकर पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर और फोटो के साथ जमा करें। प्राप्त रचनाओं में से चयनित सामग्री को ही जिला उर्दू नाम पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा।
रचनाएं जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक रचनाकार जिला उर्दू भाषा कोषांग, रोहतास (सासाराम) के कार्यालय में अपनी रचनाएं जमा कर सकते हैं। इसके अलावा ई-मेल के माध्यम से भी सामग्री भेजने की सुविधा उपलब्ध है।
रचनाएं भेजने के लिए संपर्क
- ई-मेल: [email protected]
- संपर्क नंबर: 9123232565 / 7563945178
- अंतिम तिथि: 10 नवंबर 2026
जिला उर्दू भाषा कोषांग ने जिले के सभी उर्दू प्रेमियों और साहित्यकारों से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।




