
सासाराम/डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के साथ रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रोहतास जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क है। पर्वों के मद्देनजर जहां सासाराम में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था को लेकर ज्वाइंट ब्रीफिंग आयोजित की गई, वहीं डेहरी नगर थाने में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई।
सासाराम स्थित मल्टीपर्पस हॉल, फजलगंज में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में विधि-व्यवस्था में प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया। सासाराम नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में ईद-ए-मिलाद के अवसर पर जुलूस निकाले जाने की सूचना को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
निर्देश दिया गया कि कोई भी जुलूस बिना लाइसेंस के नहीं निकलेगा और जुलूसों को निर्धारित मार्ग का पालन करना होगा। तय मार्गों पर विशेष निगरानी के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुए असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने, सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने तथा अफवाहों का त्वरित खंडन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सघन गश्ती, वाहन जांच एवं आवश्यकतानुसार छापामारी अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। सासाराम, डेहरी एवं बिक्रमगंज अनुमंडलों में विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखते हुए किसी भी आपात स्थिति या महत्वपूर्ण सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
डेहरी नगर थाने में हुई शांति समिति की बैठक

इधर, डेहरी-ऑन-सोन नगर थाने में नगर थानाध्यक्ष राहुल कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, नगर परिषद के अधिकारियों एवं पदाधिकारियों, विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, समाजसेवियों एवं शहर के जिम्मेदार लोगों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने पर्वों को लेकर अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव रखे। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत जुलूस, पूजा पंडाल एवं विसर्जन कार्यक्रमों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा और आयोजकों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता ईद-ए-मिलाद का जुलूस, कृष्ण पूजा के पंडाल एवं विसर्जन सहित सभी पर्वों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। डेहरी शहर सदैव गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव का प्रतीक रहा है। सभी समुदायों के लोगों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
बैठक में साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी ने लोगों के उचित सुझावों एवं मांगों के समाधान का आश्वासन दिया, जबकि विद्युत विभाग के अधिकारियों ने पर्व के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में नगर थाना प्रभारी राहुल कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी प्रणव कुमार, विद्युत विभाग के जेई प्रमोद कुमार, आरओ तौकीर अहमद, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि गुड्डू चंद्रवंशी, जदयू नेता प्रमोद महतो एवं समाजसेवी बालाजी सहित अधिवक्ता वैरिस्टर सिंह, संजय सिंह, मिथिलेश कुमार, पार्षद सोनू चौधरी, आनंद चौधरी, अख्तर अंसारी, आजाद हुसैन, असलम कुरैशी, सुनीता कुमारी, कुंवर सिंह, परमहंस सिंह, साहेब यादव, प्रमोद कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों और सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट संदेशों से दूर रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने तथा सभी पर्वों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आह्वान किया गया।





