
सासाराम (रोहतास)। किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनीलम ने 2 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से रोहतास जिले के चौखंडा चितौली निवासी तेज प्रताप सिंह को समिति का बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
समिति ने नियुक्ति पत्र में उम्मीद जताई है कि तेज प्रताप सिंह संगठन के संविधान, नीति एवं सिद्धांतों के अनुरूप किसानों, मजदूरों और आदिवासियों के अधिकार एवं सम्मान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे। साथ ही, प्रत्येक माह की 12 तारीख को आयोजित होने वाली किसान पंचायतों में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
समिति ने नशा, अंधविश्वास और पाखंड से मुक्त जीवन जीने तथा जाति, धर्म, लिंग, रंग, क्षेत्र और भाषा के आधार पर भेदभाव से दूर रहने का संदेश दिया है। इसके साथ ही अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ संघर्ष करने का आह्वान किया गया है।
तेज प्रताप सिंह की नियुक्ति पर किसान नेता शोभनाथ सिंह, शिवशंकर सिंह, हंसराज कुमार, जितेंद्र सिंह, सुग्रीव प्रसाद सिंह, सत्यनारायण स्वामी, शिव मुनि मास्टर, अजय कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उनकी नियुक्ति से रोहतास सहित बिहार में किसान-मजदूर संगठनों के बीच नई सक्रियता की उम्मीद जताई जा रही है।
- रिपोर्ट, तस्वीर: टिपु सुलतान



