
सासाराम (रोहतास)। रोहतास में एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं को लेकर प्रशासन ने जमीन से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ानी शुरू कर दी है। शनिवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा चेनारी प्रखंड के सबराबाद पहुंचे और एयरपोर्ट के संभावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपलब्ध भूमि, उसकी भौगोलिक स्थिति, सड़क संपर्क और निर्माण की दृष्टि से जरूरी अन्य पहलुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों से संभावित स्थल की भूमि की प्रकृति, कुल रकबा और जमीन से जुड़े आवश्यक अभिलेखों की जानकारी ली। उन्होंने चेनारी के अंचलाधिकारी को संभावित स्थल से संबंधित भूमि का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। प्रस्ताव में भूमि की उपलब्धता, स्थल की उपयुक्तता, आधारभूत संरचना और संपर्क मार्ग समेत अन्य आवश्यक जानकारियां शामिल करने को कहा गया है।
डीएम ने संभावित स्थल के आसपास की आधारभूत सुविधाओं और आवागमन व्यवस्था का भी आकलन करने को कहा। एयरपोर्ट स्थल की हाईवे से बेहतर कनेक्टिविटी को भी महत्वपूर्ण पहलू बताया गया। स्थल संबंधी प्रस्ताव मिलने के बाद एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं और आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।
हवाई सेवा से बढ़ेंगे विकास के अवसर
जिला पदाधिकारी ने कहा कि एयरपोर्ट बनने से रोहतास में हवाई कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है। इससे व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होने के साथ जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। रोहतास के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों तक देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों का आवागमन भी आसान होगा।
सबराबाद में डीएम के निरीक्षण के बाद अब भूमि से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इससे संभावित स्थल की व्यवहारिकता और उपलब्ध जमीन का आकलन करने में मदद मिलेगी। प्रशासन की यह पहल जिले में एयरपोर्ट निर्माण की संभावनाओं को लेकर चल रही प्रक्रिया में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मोहम्मद जफर हसन, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप, स्थानीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।




