
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि एक सच्चा खिलाड़ी वही है, जो अपनी मंजिल प्राप्त करने तक लगातार संघर्ष करता रहता है। जीवन में उतार-चढ़ाव सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इनसे कभी घबराना नहीं चाहिए। वह रविवार को रोहतास जिले के जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में नारायण वर्ल्ड स्कूल की मेजबानी में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय बालिका वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रही थीं।
खेल मंत्री ने कहा कि बिहार की धरती पर इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों को संघर्ष, अनुशासन और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद एवं गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह ने कहा कि भारत के साथ-साथ चार अन्य देशों के खिलाड़ियों का यहां पहुंचना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेजबानी और सेवा का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत किया और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने का आश्वासन दिया। नवीनगर के विधायक चेतन आनंद ने भी समारोह को संबोधित किया।
कार्यक्रम में रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। वंदे मातरम् के गायन से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह ने अतिथियों, सीबीएसई अधिकारियों, खिलाड़ियों, आयोजन समिति, शिक्षकों और कर्मचारियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन नारायण वर्ल्ड स्कूल की निदेशक डॉ. मोनिका सिंह ने किया।





