
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के अंतर्गत संचालित नारायण स्कूल ऑफ लॉ की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘संविधान उत्सव-2026’ का शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। उत्सव के दूसरे और अंतिम दिन ‘कल्चरल रिफ्लेक्शन’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, काव्य पाठ और रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
युवा संसद में 360 प्रतिभागियों के बीच मुकाबला
उत्सव के पहले दिन आयोजित ‘द्वितीय देव मंगल मेमोरियल युवा संसद प्रतियोगिता-2026’ के परिणामों की घोषणा समापन समारोह में की गई। प्रतियोगिता में 360 प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई। इसमें नारायण स्कूल ऑफ लॉ की स्वधा मिश्रा (बीबीए एलएलबी, नवम सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एनी (एमबीबीएस, तृतीय वर्ष) द्वितीय और नारायण स्कूल ऑफ लॉ के अतुल कुमार (एलएलबी, पंचम सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहे।
युवा संसद में ‘लोक व्यवस्था और शांतिपूर्ण विरोध विनियमन विधेयक, 2026’ पर सार्थक बहस हुई थी। इसमें शुभम झा ने प्रधानमंत्री, सहला फिरदौस ने विधि मंत्री, नंदिनी प्रताप सिंह ने गृह मंत्री और स्वस्तिका सिंह ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई थी।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
दूसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन, काव्य पाठ और रैंप वॉक की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। बेस्ट डांस का पुरस्कार ‘मिथिला नगरी’ की प्रस्तुति को मिला। वहीं, बेस्ट सिंगिंग में मानसी रानी, बेस्ट पोएट्री में नंदिनी प्रताप सिंह तथा बेस्ट रैंप वॉक में सृष्टि और सोनू को विजेता घोषित किया गया।
विजेताओं को विश्वविद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
समापन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह, प्रति-कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह, कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश सिंह, कुलसचिव प्रो. डॉ. कुमार आलोक प्रताप, नारायण स्कूल ऑफ लॉ के निदेशक प्रो. डॉ. बी.एन. बेहरा और डीन प्रो. डॉ. विनोद कुमार सरोज ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल गठित किया गया था। इसमें परीक्षा नियंत्रक सुदीप कुमार सिंह, अवधूत भगवान राम डिग्री कॉलेज, सासाराम के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह, नारायण वर्ल्ड स्कूल के उप-प्राचार्य वृषकेतु सिंह, राधा शांता डिग्री कॉलेज, तिलौथू के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार सिंह तथा मानव भारती हेरिटेज स्कूल, भभुआ के शिक्षाविद एवं मेंटर विवेक पांडेय शामिल थे।
कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. संगीता कुमारी के नेतृत्व में ट्रॉफी का अनावरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विधि संकाय के शिक्षक मृत्युंजय कुमार तिवारी, अमृतेश पांडेय, सचिन कुमार सिंह और प्रीति सागर सहित विभिन्न संकायों के समन्वयकों एवं छात्र आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में कार्यक्रम समन्वयक मृत्युंजय कुमार तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय संविधान उत्सव का विधिवत समापन हुआ।




