
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय एवं रोटरी क्लब ऑफ नारायणा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को एनसीसी के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ नारायणा की ब्लड बैंक इकाई का भी शुभारंभ हुआ। शिविर में दो दर्जन से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. कुमार आलोक प्रताप ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उनके इस कदम को रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सेवा भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. जगदीश सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए एनसीसी और रोटरी क्लब को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्य समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसी पहलों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं।
विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति गोविंद नारायण सिंह ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनके सेवाभाव की प्रशंसा की। उन्होंने रक्तदान करने वालों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह मानवीय पहल जरूरतमंदों के जीवन में आशा की नई किरण जगाने का काम करती है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह, वाणिज्य संकाय के डीन डॉ. आशुतोष द्विवेदी तथा जनसंपर्क पदाधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने भी शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदान को सामाजिक संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया। साथ ही स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों से रक्तदान के प्रति जागरूक रहने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
रोटरी क्लब ऑफ नारायणा के अध्यक्ष एवं औरंगाबाद के विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान जरूरतमंदों को जीवन देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ब्लड बैंक इकाई की स्थापना का मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता करना है। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी को उनकी सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचायक बताया।
कार्यक्रम का समन्वय रोटरी क्लब ऑफ नारायणा के सचिव एवं विश्वविद्यालय के एनसीसी प्रभारी डॉ. मयंक राय ने किया। आयोजन को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट अंशिका, प्रियांशु, दिव्यांशु, जयराम, पवन, आदित्य और रबींद्र के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा रोटरी क्लब के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रक्तदान शिविर और ब्लड बैंक इकाई की शुरुआत को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं एवं सामाजिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





