रोहतास के विकास को मिली रफ्तार, बाइपास से जाम से राहत; सोन का पानी और नई टाउनशिप की सौगात

122 करोड़ का सासाराम बाइपास जनता को समर्पित, रोहतास में नई टाउनशिप और ‘जल संजीवनी’ अभियान का शुभारंभ

सासाराम (रोहतास) -टिपु सुलतान। रोहतास में आधारभूत संरचना, जल संरक्षण, पर्यटन और रोजगार को गति देने वाली कई योजनाओं की सौगात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी। जिले में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ मुख्यमंत्री ने 122.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सासाराम बाइपास को भी जनता को समर्पित किया। उन्होंने अगले मार्च तक सासाराम और औरंगाबाद शहरों में सोन नदी का पानी पहुंचाने का लक्ष्य बताया।

शिवसागर प्रखंड की करूप पंचायत स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में मुख्यमंत्री ने खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनके बनाए विज्ञान मॉडलों को देखा। इसके बाद विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।

122 करोड़ का बाइपास शुरू

सासाराम शहर को जाम से राहत देने वाली बहुप्रतीक्षित दो लेन बाइपास सड़क का मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल समेत निर्मित इस सड़क से शहर के अंदर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। बाहरी वाहनों को शहर के भीतरी हिस्से से होकर गुजरने की आवश्यकता भी कम होगी। इससे आवागमन सुगम होने के साथ क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है।

मार्च तक सासाराम-औरंगाबाद में सोन का पानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले मार्च से पहले सासाराम और औरंगाबाद शहरों में सोन नदी का पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि सोन नदी के पानी के बंटवारे से संबंधित समझौते के बाद बिहार को सोन के पानी का करीब तीन-चौथाई हिस्सा प्राप्त हुआ है।

रोहतास के नाम पर बनेगी नई टाउनशिप

मुख्यमंत्री ने रोहतास की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में बनने वाली नई टाउनशिप का नाम ‘रोहतास’ रखा जाएगा। उन्होंने सड़क, सिंचाई, जल निकासी और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विस्तार की जानकारी दी। बनारस-रांची मार्ग के निर्माण के लिए पहाड़ के अंदर से कटिंग कर सड़क विकसित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दिए जाने की बात कही।

पर्यटन को पांच लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतास के मां ताराचंडी मंदिर, गुप्ता धाम, मां तुतला भवानी धाम, यक्षिणी भवानी धाम और चौरासन धाम सहित पर्यटन स्थलों के विकास पर काम हो रहा है। वर्तमान में करीब 50 हजार पर्यटक इन क्षेत्रों में पहुंचते हैं। अगले पांच वर्षों में यह संख्या बढ़ाकर पांच लाख करने का लक्ष्य है।

‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान शुरू

सासाराम बाइपास के समीप जीर्णोद्धार किए गए पोखरे का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री ने ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान का शुभारंभ किया। इसके तहत जिले के तालाब, पोखर, जलाशय और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों का जीर्णोद्धार, साफ-सफाई और नियमित रखरखाव कराया जाएगा। वर्षा जल के अधिकतम संग्रहण और संरक्षण पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जल स्रोतों को अतिक्रमण और प्रदूषण से मुक्त रखने तथा संरक्षण में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

सेवा सेतु अभियान से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान

मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु अभियान’ और ‘सहयोग शिविर’ का भी शुभारंभ किया। सेवा सेतु अभियान 6 से 8 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि सहयोग शिविर महीने में दो बार आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। 30 दिनों की निर्धारित समय-सीमा में आवेदन का निष्पादन नहीं करने वाले संबंधित पदाधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई की चेतावनी भी मुख्यमंत्री ने दी।

रोजगार और पलायन रोकने पर जोर

सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2030 से पहले बिहार के किसी गरीब व्यक्ति को मजदूरी के लिए राज्य से बाहर जाने को मजबूर न होने देना है। इसके लिए रोजगार और उद्योग के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने जीविका समूहों के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का भी उल्लेख किया और लखपति दीदी, पशु सखी तथा दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।

शिक्षा और बिजली क्षेत्र में बदलाव का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों के शहरों में जाने की जरूरत न पड़े, इसके लिए मॉडल स्कूल, सशक्त विद्यालय और ऑनलाइन शिक्षा की व्यवस्था मजबूत की जा रही है। ‘विद्यार्थी साथी ऐप’ के माध्यम से विद्यार्थियों को रात में भी ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की बात उन्होंने कही।

बिजली के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने करीब 1.93 करोड़ परिवारों के पास बिजली कनेक्शन होने तथा लगभग 1.70 करोड़ परिवारों का पिछले एक वर्ष से बिजली बिल शून्य रहने का दावा किया।

कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, सांसद उपेंद्र कुशवाहा सहित विधायक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव सह पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, शाहाबाद के पुलिस उपमहानिरीक्षक सत्यप्रकाश, जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और आम लोग उपस्थित थे।

Share
  • Related Posts

    2030 तक आत्मनिर्भर बिहार का लक्ष्य, युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने से रोकने पर जोर

    डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। बिहार के विकास की अगली तस्वीर युवाओं के हाथों से लिखे जाने की बात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कही है। उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसा राज्य बनाने…

    Share

    भारतीय इतिहास-दृष्टि पर दो दिन चला मंथन, युवा इतिहासकार संगोष्ठी का समापन

    डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। भारतीय इतिहास को भारतीय दृष्टि और स्वदेशी पद्धतियों से देखने-समझने पर दो दिनों तक चले व्यापक अकादमिक विमर्श के बाद दशम युवा इतिहासकार राष्ट्रीय संगोष्ठी का गोपाल नारायण…

    Share

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    You Missed

    रोहतास के विकास को मिली रफ्तार, बाइपास से जाम से राहत; सोन का पानी और नई टाउनशिप की सौगात

    रोहतास के विकास को मिली रफ्तार, बाइपास से जाम से राहत; सोन का पानी और नई टाउनशिप की सौगात

    2030 तक आत्मनिर्भर बिहार का लक्ष्य, युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने से रोकने पर जोर

    2030 तक आत्मनिर्भर बिहार का लक्ष्य, युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने से रोकने पर जोर

    भारतीय इतिहास-दृष्टि पर दो दिन चला मंथन, युवा इतिहासकार संगोष्ठी का समापन

    भारतीय इतिहास-दृष्टि पर दो दिन चला मंथन, युवा इतिहासकार संगोष्ठी का समापन

    समयसीमा पर समयसीमा बीती, फिर भी नहीं खुला पाली ओवरब्रिज

    समयसीमा पर समयसीमा बीती, फिर भी नहीं खुला पाली ओवरब्रिज

    भारतीय दृष्टि से इतिहास लेखन पर मंथन, युवा इतिहासकार संगोष्ठी में 200 से अधिक शोध-पत्र प्रस्तुत

    भारतीय दृष्टि से इतिहास लेखन पर मंथन, युवा इतिहासकार संगोष्ठी में 200 से अधिक शोध-पत्र प्रस्तुत

    भिखारी ठाकुर जयंती समारोह की तैयारियां तेज, 15 से 18 दिसंबर तक होगा ‘लोकरस रंग-सह-सम्मान समारोह’

    भिखारी ठाकुर जयंती समारोह की तैयारियां तेज, 15 से 18 दिसंबर तक होगा ‘लोकरस रंग-सह-सम्मान समारोह’