
डेहरी-आन-सोन/सासाराम/दाउदनगर। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) डॉ. विमल कुमार के असामयिक निधन पर रोहतास जिला प्रशासन सहित विभिन्न नगर निकायों में शोक की लहर है। समाहरणालय सासाराम, डेहरी अनुमंडल कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय तथा दाउदनगर नगर परिषद सभागार में अलग-अलग श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, वार्ड पार्षदों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और नगर निकाय अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

समाहरणालय स्थित डीआरडीए कक्ष में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में दिवंगत ईओ डॉ. विमल कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर कहा गया कि उनके असामयिक निधन से जिला प्रशासन एवं नगर परिषद डेहरी-डालमियानगर को अपूरणीय क्षति हुई है। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इसके बाद डेहरी अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी नीलेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि डॉ. विमल कुमार के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की पूरी संवेदना शोकाकुल परिवार के साथ है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा प्रारंभिक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस अवसर पर अनुमंडलीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह, बीडीओ अजीत कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज अज्ञानी, अधिवक्ता बैरिस्टर सिंह, रितेश कुमार सहित अनेक अधिकारी, अधिवक्ता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दिवंगत अधिकारी के सम्मान में कार्यालय खुला रहने के बावजूद नियमित कार्य नहीं किया गया।

नगर परिषद डेहरी-डालमियानगर कार्यालय में मुख्य पार्षद शशि कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में पूरे दिन कामकाज ठप रहा। मुख्य पार्षद ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर वास्तविक साजिशकर्ताओं का पता लगाने तथा दोषियों को कठोरतम सजा देने की मांग की। उप मुख्य पार्षद रानी कुमारी ने भी निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर, दाउदनगर नगर परिषद सभागार में भी डॉ. विमल कुमार की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई। वार्ड पार्षदों, पार्षद प्रतिनिधियों तथा नगर परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सरकार से शोकाकुल परिवार को समुचित मुआवजा देने तथा राज्य के सभी नगर निकायों में कार्यरत कार्यपालक पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभाओं में वक्ताओं ने डॉ. विमल कुमार को एक कर्मठ, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन में जनहित एवं नगर विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके निधन को नगर निकाय प्रशासन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।




