
सासाराम- (रोहतास)। स्वतंत्रता दिवस की संध्या पर फजलगंज स्थित मल्टीपरपज हॉल में देर शाम तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सासाराम की एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, जिला खेल पदाधिकारी विनय प्रताप, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक आशीष रंजन, कला संस्कृति पदाधिकारी पंकज कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, संगीत और नृत्य से जुड़े रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। लिटिल एंजिल प्ले स्कूल, फजलगंज के कक्षा चार के छात्र अद्वैत साह ने हारमोनियम के साथ एकल गायन में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। अद्वैत को एकल गायन में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक संध्या में हिल रूट स्कूल की शिविका मल्होत्रा, डीएवी पब्लिक स्कूल की रोशनी ग्रुप, केजीबीवी चेनारी की प्रेरणा ग्रुप, शिवसागर उच्च विद्यालय की आरोही कुमारी, सीएचएस स्कूल सासाराम की शानवी जायसवाल, काराकाट के केजीबीवी की खुशी ग्रुप, डेहरी के उच्च विद्यालय डिलिया की आयुषी ग्रुप, अकोढ़ीगोला के उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर के अंशुमन कुमार, सासाराम के शेरशाह कॉलेज की सलोनी सिंह, शेरशाह सूरी इंटर स्कूल के ऋतिक कुमार, सीएचएस स्कूल सासाराम के यश राज ग्रुप, राजकीय दुर्गा गंगा उच्च विद्यालय चेनारी के आदर्श राज ग्रुप, संझौली के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय की प्रियदर्शनी कुमारी, मोकर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय की नेहा ग्रुप तथा स्थापित कलाकार पूजा कुमारी ने विभिन्न प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि रोहतास की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को प्रतिभाओं को मंच देने वाला बताया।
सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम के बाद पुरस्कृत किया गया। निर्णायक मंडल में सचिन कुमार, पंकज आनंद और योगेंद्र कुमार समेत अन्य शामिल रहे।
- रिपोर्ट, तस्वीर: टिपू सुलतान





