
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार के वाणिज्य संकाय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम संकाय के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. आशुतोष द्विवेदी के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर डॉ. कुमार आलोक प्रताप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में कॉमर्स एक रोजगारपरक विषय है। बैंकिंग, वित्त, लेखांकन, कराधान, कॉरपोरेट सेक्टर, डिजिटल फाइनेंस, उद्यमिता सहित सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
विशिष्ट अतिथि परीक्षा नियंत्रक सह अकादमिक निदेशक सुदीप कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और कौशल विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और डिजिटल व्यवसाय के दौर में कॉमर्स विद्यार्थियों के लिए करियर के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
संकाय के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. आशुतोष द्विवेदी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि यह उनके जीवन की नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का मंच संचालन बी.कॉम. की छात्राओं अदिति एवं रिया ने किया। अंत में सहायक प्राध्यापक डॉ. मयंक कुमार राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. विशाल कुमार, डॉ. नवेंदु निधान एवं डॉ. मनीष की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तकनीकी सहयोग अरुण एवं बृजेश ने प्रदान किया।



