
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार परिसर में नारायण वर्ल्ड स्कूल की मेजबानी में एक सप्ताह से चल रही सीबीएसई राष्ट्रीय बालिका वर्ग बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के छठे और अंतिम दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों के सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले गए। तीनों आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल, अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

कई दिनों तक चले लीग और नॉकआउट मुकाबलों के बाद अंतिम दिन विभिन्न टीमों ने खिताब के लिए दमखम दिखाया। अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल में मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र ने विद्यानिकेतन पब्लिक स्कूल, उल्लाल, बेंगलुरु को 22-16 से हराकर खिताब अपने नाम किया। श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल, बोकारो और सनफ्लावर वैदिक स्कूल, हैदराबाद की टीमें द्वितीय उपविजेता रहीं।

अंडर-17 वर्ग के फाइनल में सैक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चंडीगढ़ ने वेलाम्मल विद्यालय, चेन्नई को 26-22 से पराजित कर चैंपियनशिप जीती। डीपीएस ईस्ट बेंगलुरु और राजागिरी पब्लिक स्कूल, एर्नाकुलम की टीमें द्वितीय उपविजेता रहीं।
अंडर-19 यानी सीनियर वर्ग के फाइनल में आईटीएम ग्लोबल स्कूल, ग्वालियर ने मेरठ पब्लिक स्कूल, मेरठ को 57-39 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। कैलाश मानसरोवर विद्यालय, सेलम और संत अतुलानंद रेजिडेंशियल अकादमी, वाराणसी की टीमें द्वितीय उपविजेता रहीं।

प्रतियोगिता के दौरान शुरुआती लीग मुकाबलों से लेकर अंतिम फाइनल तक खिलाड़ियों ने प्रतिभा, अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और खेल भावना का परिचय दिया। अंतिम दिन विजेता टीमों की जीत के साथ सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रयासों की भी सराहना की गई। रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया।





