
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ शनिवार को अमरा तालाब स्थित गार्गी पाठशाला परिसर में लेट्स इंस्पायर बिहार के मुख्य संरक्षक एवं आईपीएस अधिकारी विकास वैभव का 47वां जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जरूरतमंद बच्चों के बीच पोशाक एवं शिक्षण सामग्री वितरित की गई। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच वक्ताओं ने शिक्षा, समता और उद्यमिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी प्रिया रानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 विप्लव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर एसडीओ प्रिया रानी ने कहा कि लेट्स इंस्पायर बिहार से करीब छह लाख लोगों का जुड़ना बड़ी उपलब्धि है। संस्था शिक्षा, समता और उद्यमिता को बढ़ावा देकर वर्ष 2047 तक विकसित बिहार बनाने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है।
एसडीपीओ विप्लव कुमार ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा में सहायता देने के साथ युवाओं को उद्यमिता और स्टार्टअप के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें और पलायन पर अंकुश लगे। उन्होंने कहा कि गार्गी पाठशाला में गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। यह आईपीएस विकास वैभव की सोच का परिणाम है। ऐसी पहल बिहार के कई जिलों में संचालित हो रही है।
कार्यक्रम को जदयू नेत्री प्रमिला सिंह, जीएम अंसारी, राम अवतार राय, बाला सिंह एवं संजय बिंद सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने विकास वैभव के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी अखिलेश कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन गार्गी पाठशाला की संचालिका नूतन पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर संस्था से जुड़े सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग एवं बच्चे उपस्थित रहे।





