
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन किया। इस पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 9.76 किलोमीटर लंबा यह पुल वैशाली जिले के बिदुपुर को पटना के कच्ची दरगाह से जोड़ेगा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नामकरण किया गया है।
नीतीश सेतु 19.7 किलोमीटर लंबे कच्ची दरगाह-बिदुपुर संपर्क परियोजना का प्रमुख हिस्सा है। यह पटना में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 स्थित बिदुपुर से जोड़ता है। एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेयड तकनीक से निर्मित इस पुल से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन में लगने वाला समय भी घटेगा।
इस पुल का सबसे बड़ा लाभ वैशाली जिले के राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को मिलने की उम्मीद है। गंगा नदी से घिरे इस इलाके में अब तक आवागमन और पटना तक पहुंचना बड़ी चुनौती रहा है। पुल के शुरू होने से यहां के निवासियों को पटना के अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध हो सकेगा।
नीतीश सेतु से केवल यात्रियों को ही नहीं, बल्कि उत्तर बिहार के किसानों, व्यापारियों और उद्योग जगत को भी लाभ मिलने की संभावना है। बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों का परिवहन तेज और सुविधाजनक होगा। विशेष रूप से लीची, केला, मक्का और सब्जियों की खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
अधिकारियों के अनुसार, बिदुपुर-कच्ची दरगाह संपर्क मार्ग भविष्य में पर्यटन और माल परिवहन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सकता है। इससे क्षेत्र में निवेश, व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।





