
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। डालमियानगर से डेहरी-पटना मुख्य पथ को जोड़ने वाली छाई रोड की बिक्री का मामला तूल पकड़ने लगा है। सार्वजनिक रास्ते की जमीन की बिक्री के विरोध में स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। इस रास्ते को बचाने के लिए अरमान डेहरी ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में डालमियानगर क्लब में आयोजित सभा में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर सड़क की सुरक्षा के लिए संगठित संघर्ष करने का संकल्प लिया।
दरअसल, कुछ दिनों पूर्व कंपनी लिक्विडेटर की ओर से डालमियानगर की छाई रोड की जमीन की बिक्री के संबंध में समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराया गया था। विज्ञापन में जमीन के खाता-खेसरा का स्पष्ट विवरण नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को यह समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर किस जमीन की बिक्री की जा रही है। बाद में अंचलाधिकारी, डेहरी की ओर से उक्त जमीन के दाखिल-खारिज के संबंध में आम सूचना प्रकाशित होने पर लोगों को पता चला कि डालमियानगर से डेहरी-पटना पथ को जोड़ने वाली सड़क की जमीन भी बिक्री की गई है। इसके बाद इलाके में विरोध तेज हो गया।
कॉमरेड ब्रजमोहन सिंह ने कहा कि डेहरी-डालमियानगर के बहुत से लोगों को अभी तक यह जानकारी नहीं है कि जिस रास्ते से वे रोजाना आवागमन करते हैं, उसकी जमीन की बिक्री हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आम लोगों को जागरूक करना और उन्हें आंदोलन से जोड़ना जरूरी है।
सभा में पहुंचे पूर्व विधायक सोम प्रकाश ने कहा कि डालमियानगर को मुख्य पथ से जोड़ने वाली सार्वजनिक सड़क की जमीन की बिक्री होना आश्चर्यजनक है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो सकता है। रास्ता बंद होने की स्थिति में हजारों एकड़ जमीन का उपयोग भी प्रभावित होगा। उन्होंने इस सार्वजनिक रास्ते को बचाने के लिए संघर्ष में साथ देने की बात कही।
ललित सिन्हा ने कहा कि यदि आज सार्वजनिक रास्ते को नहीं बचाया गया तो आने वाली पीढ़ियां इसके लिए हमें कभी माफ नहीं करेंगी। वहीं, आरके सिंह ने पूरे डेहरी-डालमियानगर क्षेत्र में जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों को जागरूक करने का सुझाव दिया। सभा में उपस्थित लोगों ने छाई रोड को बचाने के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा करने पर जोर दिया।





