
पटना। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक ने शुक्रवार को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आईएआरआई पटना हब के विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों एवं संस्थान के कर्मचारियों के साथ संवाद किया। उन्होंने संस्थान की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों की सराहना करते हुए इन्हें राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप और अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
डॉ. मलिक ने कहा कि कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने के लिए परिषद मुख्यालय का शिक्षा प्रभाग हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं प्रशासनिक कर्मचारियों ने परीक्षा प्रणाली, कैरियर उन्नयन योजना, वित्तीय मामलों, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई), नई दिल्ली के साथ शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान की प्राथमिकताओं और कृषि क्षेत्र में उभरते अवसरों से संबंधित प्रश्न रखे। डॉ. मलिक ने सभी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर डॉ. मलिक ने संस्थान की ‘स्वर्ण ई-वाटिका’ का भी अवलोकन किया। यह ज्ञान आधारित प्रौद्योगिकी एवं वेलनेस पार्क है, जहां फल, सब्जियों और औषधीय पौधों के उत्पादन के साथ कुक्कुट पालन एवं मनोरंजन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए संस्थान परिसर में पौधरोपण भी किया।
इससे पूर्व संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने अतिथि को संस्थान की किसान-केंद्रित अनुसंधान गतिविधियों, कृषि प्रौद्योगिकियों के प्रसार और शैक्षणिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के अनुरूप भविष्य की कृषि प्रणालियों के विकास के लिए संस्थान की ओर से किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में पशुधन एवं मात्स्यिकी प्रबंधन प्रभाग के अध्यक्ष डॉ. कमल शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।





