
डेहरी -आन-सोन (रोहतास) कार्यालय प्रतिनिधि। भाद्रपद शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को सोमवार को महिलाओं ने हरितालिका तीज का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। दिनभर महिलाओं ने निर्जल-निराहार व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही मंदिरों में महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुहागिनों ने पारंपरिक वेशभूषा में सजकर, हाथों में मेहंदी और चूड़ियाँ सजाकर पूजा-अर्चना की। घर-घर में पारंपरिक गीत-भजन गाए गए और तीज के प्रसंग में शिव-पार्वती विवाह की कथा सुनाई गई।
रात्रि में जगह-जगह महिलाओं ने सामूहिक जागरण कर पार्वती व्रत कथा का श्रवण किया। अविवाहित कन्याओं ने योग्य वर की प्राप्ति तथा विवाहित स्त्रियों ने अखंड सौभाग्य की कामना करते हुए व्रत रखा। पर्व को लेकर पूरे क्षेत्र में उल्लास का माहौल रहा।
- निशांत राज





