
ध्यान योग केंद्र में योग शिविर आयोजित

आरा(भोजपुर)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आरा में विभिन्न संस्थाओं द्वारा योग शिविरों का आयोजन किया गया। स्थानीय जेल रोड स्थित चौबीसी जैन परिसर में ध्यान योग केंद्र के बैनर तले योग शिविर सह परिचर्चा आयोजित हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जया जैन ने की, जबकि संचालन नरेंद्र सिंह ने किया। योग गुरु स्वामी विक्रमादित्य ने महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को विभिन्न योगासन कराते हुए योग के लाभों और स्वास्थ्य पर इसके प्रभावों की जानकारी दी। शिविर में कपालभाति, ताड़ासन, वृक्षासन, भद्रासन और हस्तासन समेत कई योग क्रियाएं कराई गईं। साथ ही प्राकृतिक उपचार और एक्यूप्रेशर पर भी चर्चा हुई।
नई आशा द्वारा योग शिविर का आयोजन

वहीं दूसरी ओर, सामाजिक संस्था “नई आशा” द्वारा मदन जी का हाता स्थित कार्यालय में योग शिविर आयोजित किया गया। इसमें योग प्रशिक्षक स्वामी विक्रमादित्य और प्रेम पांडे ने प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के इंटर्नशिप कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। इस दौरान आईआईएमयूएन की इशिका मल्होत्रा ने कहा कि भारत का योग आज विश्वभर में स्वास्थ्य और संतुलन का प्रतीक बन चुका है। प्रशिक्षकों ने नियमित योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, शिक्षक, समाजसेवी और युवा उपस्थित रहे।



