- जिले की हर पंचायत में ऐसी पहल की जरूरत

डेहरी -आन-सोन (रोहतास)। सासाराम प्रखंड क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, भैसहीं में गुरुवार को विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों की ओर से छात्र-छात्राओं के लिए कंप्यूटर, इन्वर्टर, प्रिंटर, हैंडपंप सहित लाखों रुपये की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार ने पूर्ववर्ती छात्रों और ग्रामीणों की इस पहल की सराहना की।
जिलाधिकारी ने इस पहल में अग्रणी भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ पत्रकार व भैसहीं निवासी अखिलेश कुमार की विशेष प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान परिवेश में सरकारी विद्यालयों को सहयोग या दान देने की परंपरा कम होती जा रही है। ऐसे समय में अखिलेश कुमार ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से संपर्क कर सक्षम पूर्ववर्ती छात्रों के सहयोग से पठन-पाठन की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की है, जो सराहनीय और अनुकरणीय है। जिले के हर सरकारी विद्यालय में ऐसी पहल होनी चाहिए।
उन्होंने विद्यालय के लिए सामग्री उपलब्ध कराने वाले रामाकांत राय, ब्रजेश राय, करन कुमार गोलू, लक्ष्मण राय, कुशनाथ राय सहित अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अखिलेश कुमार ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय से पढ़े-लिखे और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कई पूर्ववर्ती छात्र ऐसे होते हैं, जिनके छोटे-छोटे सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बड़ा लाभ मिल सकता है। उन्होंने पूर्ववर्ती छात्रों से अपने विद्यालय के विकास में योगदान देने की अपील की।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी भी लगाई, जिसका जिलाधिकारी ने अवलोकन कर सराहना की। विद्यालय की प्राचार्या प्रमिला कुमारी ने जिलाधिकारी सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक सुशील कुमार, आलोक सिंह सहित अन्य शिक्षकों का योगदान सराहनीय रहा।




