
आरा (भोजपुर)। स्थानीय पटेल बस पड़ाव परिसर स्थित भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच पर दिसंबर में आयोजित होने वाले लोक कलाकार भिखारी ठाकुर की जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक धनंजय कुमार ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं शोध संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने किया।
आयोजन सचिव डॉ. रवि प्रकाश सूरज ने बताया कि भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान का यह रजत जयंती वर्ष है। इस अवसर पर आयोजित होने वाले वार्षिक समारोह का नाम ‘लोकरस रंग-सह-सम्मान समारोह-2026’ रखा गया है। समारोह 15 से 18 दिसंबर तक प्रस्तावित है।
संस्थापक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बताया कि समारोह के लिए प्रकाशित होने वाली स्मारिका में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से दर्जनों आलेख प्राप्त हो चुके हैं। वहीं, ‘लोहा सिंह’ और भिखारी ठाकुर के नाटकों के मंचन के लिए कलाकारों का चयन किया जा रहा है। बाहर के कलाकारों से भी संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समारोह का मुख्य उद्देश्य विलुप्त होती भोजपुरी संस्कृति, संस्कार और मातृभाषा को संरक्षित एवं संवर्धित करना है। इसके माध्यम से लोक कला और रंगमंच की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में नंद किशोर राम, शिक्षक मुन्ना, सरफराज अहमद, कृष्ण प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह, व्यास कमलेश पासवान, वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. अनिल कुमार सिंह, आलोक कुमार सिंह, अंबुज कुमार, सर्वजीत कुमार सहित अन्य सदस्यों ने समारोह की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक से पूर्व भिखारी ठाकुर, बाबू लल्लन जी और उस्ताद बिस्मिल्ला खां की प्रतिमाओं पर सदस्यों ने माल्यार्पण किया। समारोह को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया गया है।





