
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्राथमिक शिक्षक संबंधी शिक्षा (पीटीई) में छह माह के प्रमाण-पत्र (ब्रिज) पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया। यह पाठ्यक्रम बी.एड. डिग्रीधारी सेवारत प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य प्राथमिक स्तर (कक्षा I से V) पर शिक्षण के लिए आवश्यक कौशल और दक्षताओं को विकसित करना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है।यह ब्रिज पाठ्यक्रम राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के माध्यम से संचालित किया जाएगा। इसमें शिक्षकों को बाल-केंद्रित, समावेशी और बाल विकास के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पाठ्यक्रम राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के निर्धारित ढांचे के अनुरूप तैयार किया गया है।
सैद्धांतिक और विद्यालय आधारित प्रशिक्षण
छह माह के इस पाठ्यक्रम में छह सैद्धांतिक पाठ्यक्रमों के साथ विद्यालय-आधारित प्रायोगिक कार्य शामिल हैं। इसके अंतर्गत कम से कम 10 दिनों की ऑनलाइन संपर्क कक्षाएं और कम से कम 20 दिनों का विद्यालय-आधारित अनुभव प्रदान किया जाएगा। अभ्यास शिक्षण, आत्म-चिंतन संबंधी जर्नल और पोर्टफोलियो के माध्यम से शिक्षकों को सैद्धांतिक ज्ञान को कक्षा में व्यावहारिक रूप से लागू करने का अवसर मिलेगा।
हिंदी और अंग्रेजी के साथ 22 भाषाओं में परीक्षा का विकल्प
यह पाठ्यक्रम मुक्त एवं दूरस्थ अधिगम (ओडीएल) पद्धति के माध्यम से संचालित किया जाएगा। शिक्षण सामग्री हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध होगी। हालांकि, शिक्षक आठवीं अनुसूची में शामिल 22 भाषाओं में से किसी भी भाषा में सार्वजनिक सैद्धांतिक परीक्षा दे सकेंगे। पाठ्यक्रम के अंतर्गत वीडियो ट्यूटोरियल, ई-लर्निंग सामग्री और अन्य डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि सेवारत शिक्षक अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों के साथ प्रशिक्षण पूरा कर सकें।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद तैयार हुआ पाठ्यक्रम
सर्वोच्च न्यायालय ने 8 अप्रैल 2024 को सिविल अपील संख्या 5068/2023 (देवेश शर्मा बनाम भारत संघ एवं अन्य) में एनसीटीई को संबंधित प्राथमिक शिक्षकों के लिए ब्रिज पाठ्यक्रम तैयार करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में बी.एड. योग्यताधारी और संबंधित अवधि में नियुक्त सेवारत प्राथमिक शिक्षकों के लिए छह माह का यह पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।
इन शिक्षकों के लिए जरूरी होगा छह माह का ब्रिज
कोर्सप्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सभी शिक्षकों के लिए यह ब्रिज कोर्स नहीं है। यह विशेष रूप से बी.एड. योग्यता के आधार पर प्राथमिक स्तर पर नियुक्त किए गए उन सेवारत शिक्षकों के लिए है, जिनकी नियुक्ति 28 जून 2018 से 11 अगस्त 2023 के बीच हुई है और जिनकी नियुक्तियां संबंधित एनसीटीई अधिसूचना के तहत संरक्षित हैं।
ब्रिज कोर्स के जरिए ऐसे शिक्षकों को प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों को पढ़ाने से जुड़ी विशेष दक्षताओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में बाल विकास, बच्चों के सीखने की प्रक्रिया, बाल-केंद्रित शिक्षण, प्राथमिक स्तर के पाठ्यक्रम और विभिन्न विषयों की शिक्षण विधियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इसका उद्देश्य बी.एड. प्रशिक्षित शिक्षकों को प्राथमिक स्तर की कक्षाओं की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण के लिए तैयार करना है, ताकि वे बच्चों की उम्र, सीखने की क्षमता और अलग-अलग अधिगम आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी तरीके से पढ़ा सकें। यह पाठ्यक्रम केवल प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तक सीमित नहीं होगा, बल्कि इसमें सैद्धांतिक अध्ययन के साथ विद्यालय-आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी शामिल रहेगा।
ऑनलाइन प्रवेश की व्यवस्था
पात्र शिक्षक एनआईओएस के आधिकारिक ब्रिज पाठ्यक्रम पोर्टल bridge.nios.ac.in के माध्यम से ऑनलाइन प्रवेश ले सकेंगे। पोर्टल पर पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और प्रवेश की स्थिति देखने की सुविधा उपलब्ध होगी। पाठ्यक्रम की अध्ययन सामग्री डिजिटल प्रारूप में प्रदान की जाएगी।




