
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शनिवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय, जमुहार में ‘विकसित भारत युवा संवाद’ का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, रोहतास द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं युवा नागरिकों ने लोकतांत्रिक शपथ ली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के कुलाधिपति गोपाल नारायण सिंह उपस्थित रहे। युवा आइकॉन आभाष कुमार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी भूपेन्द्र नारायण सिंह ने किया।
यह आयोजन देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ अभियान का हिस्सा था।

लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी पर जोर
अपने संबोधन में गोपाल नारायण सिंह ने युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक रहने और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों और गोपाल नारायण सिंह के बीच संवाद सत्र रहा। इसमें विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी, नागरिक जिम्मेदारियों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए। श्री सिंह ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का उत्तर देते हुए उनके विचारों को प्रोत्साहित किया।
मतदाता जागरूकता पर विशेष प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान युवा आइकॉन आभाष कुमार ने ‘अपने मत को जानें’ विषय पर विशेष प्रस्तुति दी। इसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने एवं उसे अद्यतन रखने की आवश्यकता और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।
युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदारीपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर सहायक कुलसचिव मिथिलेश कुमार सिंह एवं समाजसेवी सुमित कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।
लोकतांत्रिक शपथ के साथ समापन
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। उपस्थित युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित यह पहल युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और सार्वजनिक नेतृत्व से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी। इसका उद्देश्य युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रखते हुए उनके विचारों, आकांक्षाओं और रचनात्मक ऊर्जा को विकसित भारत 2047 के संकल्प से जोड़ना है।




