
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिकता के पालन की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी की शपथ के साथ हुआ। इस दौरान सभी ने अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।
इसके बाद विश्वविद्यालय के सतर्कता अधिकारी एवं नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंस के प्रो. डॉ. अशोक कुमार ने जागरूकता व्याख्यान दिया। उन्होंने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ होना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में नैतिक आदर्शों को अपनाने तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नारायण इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के डीन प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं प्रो. डॉ. ललितेश्वर प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में नैतिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




