
बिक्रमगंज (रोहतास)। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में पीएम श्री उच्च माध्यमिक विद्यालय, तेंदुनी, बिक्रमगंज के परिसर में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम ‘सखी वार्ता’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना, बाल विवाह की रोकथाम तथा बेटियों की शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक मो. शमीम अंसारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महिला हेल्पलाइन डायल 181 की 24 घंटे उपलब्ध निःशुल्क सेवा तथा वन स्टॉप सेंटर की उपयोगिता के बारे में छात्राओं को बताया।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, मानसिक प्रताड़ना अथवा आपातकालीन स्थिति में बालिकाएं इन सेवाओं की मदद ले सकती हैं। इन माध्यमों से जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं को कानूनी, चिकित्सा और काउंसलिंग संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
‘सखी वार्ता’ के दौरान वक्ताओं ने “संवाद करें, सोच बदलें, समाज बदलें” का संदेश देते हुए सामाजिक रूढ़िवादिता को दूर करने तथा लैंगिक समानता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विद्यालय के शिक्षकों और उपस्थित अधिकारियों ने बालिकाओं को उच्च शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के कर्मी, विद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ लोगो युक्त डायरी, पेन एवं अल्पाहार वितरित किया गया।





