
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। 42 बिहार बटालियन एनसीसी, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय एवं नारायण वर्ल्ड स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में एनसीसी कैडेट्स के लिए ‘सही पोषण एवं फिटनेस की महत्ता’ विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 42 बिहार बटालियन एनसीसी, सासाराम के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अनूप कुमार के निर्देशन में आयोजित हुआ।
विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रो. डॉ. श्वेता शर्मा, उप प्राचार्या, नारायण नर्सिंग कॉलेज, गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय ने कैडेट्स को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, शारीरिक फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नियमित व्यायाम, संतुलित भोजन और अनुशासित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में 240 से अधिक एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम समन्वयक लेफ्टिनेंट डॉ. मयंक राय तथा नारायण वर्ल्ड स्कूल की ओर से अश्वनी सिंह ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नारायण वर्ल्ड स्कूल की डायरेक्टर डॉ. मोनिका सिंह ने आयोजकों एवं कैडेट्स को बधाई और शुभकामनाएं दीं। गतिविधि के सफल आयोजन में पीआई स्टाफ रौशन सिंह का भी विशेष योगदान रहा।
व्याख्यान के उपरांत एनसीसी कैडेट्स ने बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करते हुए बिहार के सांस्कृतिक गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सही पोषण, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।




