
डेहरी-ऑन- सोन (रोहतास)। जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय की एनसीसी 6/42 कंपनी की ओर से एनसीसी निदेशालय, बिहार एवं झारखंड, पटना के निर्देशानुसार संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रोहतास जिले के सबदला गांव में तालाब की साफ-सफाई और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स ने श्रमदान कर तालाब की सफाई की और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
42 बिहार बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अनूप कुमार के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स ने स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। तालाब की साफ-सफाई के माध्यम से ग्रामीण परिवेश को स्वच्छ रखने तथा जलस्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। वहीं, पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और हरित क्षेत्र बढ़ाने का संदेश दिया गया।

युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना पर जोरइस अवसर पर विश्वविद्यालय के एनसीसी प्रभारी डॉ. मयंक कुमार राय ने प्रशिक्षक रौशन सिंह और सभी कैडेट्स के समर्पण एवं सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति देने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया। अभियान के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स ने सामुदायिक सहभागिता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।





