
डेहरी-ऑन-सोन (रोहतास)। रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को डेहरी स्थित शाहाबाद दुग्ध संघ, आरा की इकाई रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट (सुधा डेयरी) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेयरी परिसर की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेने के साथ अधिकारियों के साथ बैठक कर दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने और डेयरी के विस्तार की प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में शाहाबाद दुग्ध संघ के दूध संकलन को वर्तमान 3.5 लाख लीटर से बढ़ाकर 6 लाख लीटर प्रतिदिन करने का लक्ष्य रखा गया। इस दिशा में जिले में नई दुग्ध सहकारी समितियों के गठन, अधिक से अधिक पशुपालकों को संगठित दुग्ध उत्पादन व्यवस्था से जोड़ने और दूध संग्रहण प्रणाली को मजबूत करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में करीब एक हजार किसानों को दूध की कीमत का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है।
200 बकरियों के गोट फार्म की योजना
निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में प्रस्तावित गोट फार्म (बकरी पालन केंद्र) की योजना की समीक्षा की गई। इसके तहत लगभग 200 बकरियों के पालन तथा उनसे प्राप्त दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन से संबंधित कार्यों पर चर्चा हुई। पशुपालकों को दूध के भुगतान की राशि डीएटी (डायरेक्ट अकाउंट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित करने की व्यवस्था की भी जानकारी ली गई।
30 मीट्रिक टन मिल्क पाउडर प्लांट की स्थापना
दुग्ध प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने के लिए 30 मीट्रिक टन क्षमता वाले मिल्क पाउडर प्लांट की स्थापना की प्रस्तावित योजना पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति, संयंत्र की उपयोगिता और डेयरी क्षेत्र में इसके संभावित योगदान के संबंध में संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
इसके अलावा 200 बकरियों की क्षमता वाले गोट फार्म के साथ टीएमआर (टोटल मिक्स्ड राशन) प्लांट और शहर में 15 होल्डिंग मिल्क बूथ स्थापित करने की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इन योजनाओं के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, पशुपालन और दूध की आपूर्ति व्यवस्था के विस्तार से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।

डेयरी के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण
जिलाधिकारी ने रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट के विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कर वहां निर्मित किए जा रहे दुग्ध एवं दुग्धजन्य उत्पादों का अवलोकन किया। इस क्रम में पैकेज्ड दूध सहित अन्य उत्पादों के उत्पादन, पैकेजिंग, गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण एवं बैठक के अवसर पर रोहतास के पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज, शाहाबाद आरा दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सुमन, सुधा दूध प्लांट डेहरी के एमडी अमीत आनंद, डेहरी एसडीएम नीलेश कुमार, ओएसडी विनय प्रताप तथा रोहतास डेयरी प्रोजेक्ट एवं शाहाबाद के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।





