
आरा (भोजपुर)। शहीद कवि कैलाशपति सिंह के 84वें शहादत दिवस पर भोजपुर समाहरणालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। अमर शहीद कवि कैलाश स्मृति संस्थान, भोजपुर के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता भाई ब्रह्मेश्वर ने की। कार्यक्रम में शाहाबाद के डीआइजी सत्य प्रकाश, भोजपुर जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा, एसपी अवधेश दीक्षित और एसडीओ अंशु कुमारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद कवि कैलाश के स्मारक स्थल पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। इसके बाद समाहरणालय सभागार में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समिति के संरक्षक बीडी सिंह ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डीआइजी सत्य प्रकाश ने कहा कि यह धरती वीरों की धरती रही है। अनेक महापुरुषों ने देश के लिए अपना बलिदान देकर राष्ट्र को नई दिशा दी। आज देशवासी जिस स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं, उसमें ऐसे शहीदों के बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। कवि कैलाशपति सिंह का नाम भी इसी कड़ी में सदैव अमर रहेगा।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनेक लोगों की कुर्बानी और संघर्ष का परिणाम है। कवि कैलाश ने भारत माता के लिए जिस भावना से शहादत दी और राष्ट्र निर्माण का सपना देखा, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। समिति का दायित्व है कि उनके विचारों और देशप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाए।
जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने कहा कि कवि कैलाश ने इसी कलेक्ट्रेट परिसर में झंडा फहराने के लिए शहादत दी थी। स्वतंत्रता आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनकी शहादत जिलेवासियों को सदैव राष्ट्रप्रेम के लिए प्रेरित करती रहेगी।
अध्यक्षीय संबोधन में भाई ब्रह्मेश्वर ने कवि कैलाश के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शहीद कवि कैलाश की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने के लिए एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। साथ ही उनके परिवार के भरण-पोषण के लिए एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी जाएगी।
कार्यक्रम को महासचिव डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा, मृत्युंजय भारद्वाज, धीरेंद्र सिंह, नंदकिशोर यादव और भाई अरुणेश सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। कई कवि और गायकों ने कविता व गीतों के माध्यम से शहीद कवि कैलाश को श्रद्धांजलि दी। संचालन प्रो. रणविजय कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक बीडी सिंह ने किया।





